पुटरू टोल प्लाजा के पास चलती डस्टर कार में लगी भीषण आग, जलकर हुई खाक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ghatshila :  घाटशिला में आयोजित सांगठनिक बैठक में शामिल होकर लौट रहे लोगों की डस्टर कार में पुटरू टोल प्लाजा के समीप अचानक भीषण आग लग गई। गालूडीह थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, डस्टर कार (JH05BB 6777) में सवार लोग घाटशिला में आयोजित सांगठनिक बैठक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पुटरू टोल प्लाजा के पास अचानक कार से धुआं उठने लगा। जब तक कार सवार कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी सवार तत्काल कार से बाहर निकल गए और अपनी जान बचाई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों के तमाम प्रयास नाकाम रहे। कुछ ही देर में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई और जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।

घटना में राहत की बात यह रही कि कार सवार सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.