Jamshedpur : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से 26 से 28 अक्टूबर तक बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन सभागार में दीपावली ट्रेड फेयर का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को चैंबर सभागार में मेले के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के साथ महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
सुबह 11 से रात 8:30 बजे तक खुला रहेगा मेला
चैंबर के अनुसार, ट्रेड फेयर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक चलेगा। मेले में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। आगंतुकों के लिए लकी ड्रॉ कूपन की व्यवस्था भी की गई है। मेले के समापन समारोह में लकी ड्रॉ निकाला जाएगा और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
स्थानीय कारोबार और महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि ट्रेड फेयर के माध्यम से शहरवासियों को दीपावली की खरीदारी के लिए एक बेहतर मंच मिलेगा। वहीं, उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि यह आयोजन महिला उद्यमियों और स्थानीय कारोबारियों को अपने उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा।
चैंबर महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि मेले के जरिए व्यापारिक गतिविधियों को गति देने और दीपावली के उत्साह को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने भी इसे छोटे कारोबारियों और महिला उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।
चैंबर ने शहरवासियों से मेले में शामिल होकर स्थानीय व्यापार और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की अपील की।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, विनोद शर्मा और कार्यक्रम समन्वयक सुमन नागेलिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















