न्युवोको विस्टास का दूसरी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन, राजस्व 13.5% बढ़कर ₹2,790 करोड़

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने 30 सितंबर, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित किए हैं। कंपनी ने इस अवधि में सीमेंट बिक्री की मात्रा में 9 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज करते हुए 4.7 मिलियन टन (एमएमटी) का आंकड़ा हासिल किया। वहीं, कंपनी का समेकित राजस्व सालाना आधार पर 13.5 प्रतिशत बढ़कर 2,790 करोड़ रुपये पहुंच गया।

कंपनी के मुताबिक, दूसरी तिमाही में एबिटिडा 11 प्रतिशत बढ़कर 411 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कर के बाद मुनाफे (पीएटी) में 78 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई और यह 65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

सूरत में नई ग्राइंडिंग इकाई शुरू

तिमाही के दौरान न्युवोको ने गुजरात के सूरत स्थित लिमला में 2 एमएमटीपीए क्षमता वाली ग्राइंडिंग इकाई शुरू की। कंपनी को उम्मीद है कि इस इकाई से पश्चिमी भारत में उसकी उपस्थिति मजबूत होगी और क्षेत्रीय बाजारों में सीमेंट की आपूर्ति क्षमता बढ़ेगी।

इसके अलावा, कंपनी ने राजस्थान में 46.4 मेगावाट क्षमता वाली पवन-सौर हाइब्रिड नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना के लिए क्लीनमैक्स के साथ साझेदारी की है। परियोजना के चालू होने पर प्रतिवर्ष लगभग 10 करोड़ यूनिट नवीकरणीय बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है। इससे कंपनी को ऊर्जा लागत नियंत्रित करने और पारंपरिक बिजली स्रोतों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

चुनौतियों के बावजूद बेहतर प्रदर्शन

न्युवोको के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि भारी बारिश, आपूर्ति शृंखला में व्यवधान और बढ़ती इनपुट लागत जैसी चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने दूसरी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि कंपनी प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ाने, परिचालन दक्षता में सुधार करने और विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

वित्त वर्ष 2028 तक 35 एमएमटीपीए क्षमता का लक्ष्य

न्युवोको ने वित्त वर्ष 2028 तक अपनी सीमेंट उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 35 मिलियन टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नई ग्राइंडिंग इकाई और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना को कंपनी की विस्तार एवं परिचालन दक्षता बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें