पीडीएस डीलर पर कम राशन देने और धमकी देने का आरोप, कार्डधारियों ने डीसी से की शिकायत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कौवाली पंचायत के तेलेंगकोचा गांव के राशन कार्डधारियों ने कूटसूरी गांव के जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर सुभाष दीक्षित के खिलाफ उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की है। कार्डधारियों ने डीलर पर निर्धारित मात्रा से कम राशन देने, विरोध करने पर धमकी देने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

राशन कार्ड निरस्त कराने की धमकी देने का आरोप

ज्ञापन में कार्डधारियों ने कहा है कि पीडीएस डीलर द्वारा राशन वितरण के दौरान वजन में कटौती की जाती है। जब कार्डधारी इसका विरोध करते हैं, तो कथित तौर पर उन्हें तरह-तरह की धमकियां दी जाती हैं। आरोप है कि डीलर का व्यवहार भी उचित नहीं रहता और विरोध करने पर राशन कार्ड डिलीट करा देने की धमकी दी जाती है।

दूसरी दुकान से जोड़ने की मांग

कार्डधारियों ने उपायुक्त से मांग की है कि सुभाष दीक्षित की दुकान से उनके राशन कार्ड हटाकर किसी अन्य पीडीएस दुकान से संबद्ध किया जाए, ताकि उन्हें निर्धारित मात्रा में राशन मिल सके और किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उपायुक्त से मिलने और ज्ञापन सौंपने वालों में कौवाली पंचायत की मुखिया काजल बारीक, मुखिया प्रतिनिधि सचिन बारीक, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि मनोज सरदार, शंकर महतो सहित अन्य लोग शामिल थे।

फिलहाल, पीडीएस डीलर पर लगाए गए आरोपों के संबंध में संबंधित विभाग की ओर से जांच या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें