भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष  संजीव सिन्हा ने विसर्जन शोभायात्रा में चरण स्पर्श के मामले पर कांग्रेस की बयानबाजी को बताया राजनीतिक हताशा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को लेकर कांग्रेस की बयानबाजी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि रघुवर दास को कांग्रेस पार्टी से किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है। धर्म, आस्था और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनका समर्पण किसी से छिपा नहीं है। जमशेदपुर की जनता उनके व्यक्तित्व, आचरण और धार्मिक आस्था से भली-भांति परिचित है।

संजीव सिन्हा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की इस तरह की बयानबाजी उसकी राजनीतिक हताशा, वैचारिक दिवालियापन और मुद्दाविहीन राजनीति को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर जवाब देने के बजाय कांग्रेस नेताओं द्वारा अनावश्यक विवाद खड़ा करना उनकी संकीर्ण राजनीतिक सोच को दर्शाता है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की शोभायात्रा के दौरान यदि कोई युवक सम्मान प्रकट करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के चरण स्पर्श करता है, तो इसे बेवजह राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में बड़ों के प्रति सम्मान प्रकट करना परंपरा और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे सहज व्यवहार को विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है।

संजीव सिन्हा ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए धर्म, आस्था और सामाजिक परंपराओं को विवाद में घसीटने से बचना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी नकारात्मक और अवसरवादी राजनीति को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि जनता राजनीतिक दलों के बयानों और उनके रवैये पर नजर रखती है तथा समय आने पर अपना जवाब देती है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें