Jamshedpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 7 अक्टूबर को पूरे झारखंड में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जाएगी। भाजपा के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा की राजनीतिक यात्रा शुरू की थी और 7 अक्टूबर 2026 को इसके 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
जमशेदपुर महानगर में कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के तहत सुबह 9:30 बजे साकची स्थित बोधी मंदिर मैदान में जमशेदपुर महानगर के चारों विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक जुटेंगे। सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का बड़े एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद बोधी मंदिर मैदान से साकची जुबिली पार्क गोलचक्कर तक पैदल मार्च के रूप में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि सेवा ज्योति यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्रसेवा, सुशासन, जनकल्याण और अंत्योदय के प्रति समर्पण के 25 वर्ष हैं। उनके अनुसार, सेवा ज्योति यात्रा इसी सेवा भावना और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में आयोजित यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से ‘सेवा ही संगठन और सेवा ही संकल्प’ की भावना को आगे बढ़ाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और राष्ट्रनिर्माण का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी मंडलों और चारों विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर तैयारी चल रही है। कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार संपर्क और समन्वय किया जा रहा है।
उन्होंने जमशेदपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से 7 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे साकची बोधी मंदिर मैदान पहुंचने की अपील की। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सेवा ज्योति यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।
















