अफताब खान उर्फ टेंगर की निशानदेही पर टूटी हथकड़ी, कटा रस्सा और सब्बल बरामद

Share करें

✓ Link copy हो गया!

थाना से फरार होने के 72 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार, चोरी की अन्य घटनाओं से कनेक्शन खंगाल रही पुलिस

Guaa  : किरीबुरू क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने थाना से फरार हुए अफताब खान उर्फ टेंगर को करीब 72 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर टूटी हुई हथकड़ी, कटा हुआ रस्सा और करीब 2.5 फीट लंबा लोहे का सब्बल बरामद किया गया है। पुलिस अब बरामद सब्बल के चोरी की अन्य घटनाओं में इस्तेमाल होने की संभावनाओं की भी जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर को पूछताछ के लिए अफताब खान उर्फ टेंगर को थाना लाया गया था। गिरफ्तारी की प्रक्रिया के दौरान उसके हाथ में हथकड़ी लगाने के साथ रस्सी भी बांधी गई थी। इसके बावजूद वह पुलिस को चकमा देकर थाना परिसर से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ किरीबुरू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी और तलाश अभियान चलाया। इसके बाद पुलिस ने करीब 72 घंटे के भीतर अफताब को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर टूटी हथकड़ी, कटा हुआ रस्सा और करीब 2.5 फीट लंबा लोहे का सब्बल बरामद हुआ। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद सब्बल का इस्तेमाल चोरी की अन्य वारदातों में किया गया था या नहीं।

अफताब खान का नाम सेल अधिकारी राहुल यादव के आवास पर हुई चोरी के मामले में भी सामने आया था। उक्त घटना में लाखों रुपये के आभूषण, लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई थी।

अफताब की दोबारा गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब किरीबुरू क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की वारदातों में कितने लोग सक्रिय हैं और अफताब के साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके संभावित साथियों तथा अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें