Guaa : सेल गुवा में कार्यरत ठेका मजदूरों को कथित तौर पर भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान किए जाने का मामला सामने आया है। झारखंड मजदूर यूनियन ने इसको लेकर ठेकेदारों के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार देर शाम गुवा बाजार स्थित झारखंड मजदूर यूनियन कार्यालय में ठेका मजदूरों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार ने कहा कि गुवा रेलवे साइडिंग में कार्यरत मजदूरों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान किए जाने की शिकायत मिल रही है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।
हेमराज सोनार ने बताया कि मामले की जानकारी पत्र के माध्यम से झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सहायक श्रम आयुक्त (एएलसी), चाईबासा, सेल गुवा प्रबंधन और सेल के उच्च अधिकारियों को दी जाएगी। साथ ही मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए यूनियन स्तर पर जल्द रणनीति तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि मजदूरों को निर्धारित मजदूरी और अन्य वैधानिक सुविधाएं नहीं मिलती हैं तो ठेकेदारों के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। यूनियन ने स्पष्ट किया कि मजदूरों के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक से पहले मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती
बैठक से पूर्व यूनियन कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। उपस्थित मजदूरों और यूनियन पदाधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को याद किया।
















