टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने मनाई गांधी-शास्त्री जयंती, पैदल यात्रा में दिया स्वच्छता व राष्ट्रसेवा का संदेश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की ओर से यूनियन कार्यालय के सभागार में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, पदाधिकारियों, कमेटी मेंबरों एवं आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्यों ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि महात्मा गांधी की सादगी, स्वच्छता और उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करना आज बेहद जरूरी है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री के किसान प्रेम और राष्ट्र के प्रति समर्पण से सभी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि गांधी जी अपने विचारों और संघर्षों के कारण महात्मा बने। उन्हें दिया गया ‘राष्ट्रपिता’ का संबोधन उनकी महानता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करना असाधारण कार्य था, जिसे महात्मा गांधी ने करके दिखाया।

गांधी-शास्त्री की स्मृति में निकाली गई पैदल यात्रा

गांधी एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर टाटा मोटर्स के सौजन्य से दोनों महान विभूतियों की स्मृति में पैदल यात्रा भी आयोजित की गई। यात्रा स्टेडियम से शुरू होकर टेल्को कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस टेल्को कॉलोनी स्थित सुमंत मुलगांवकर स्टेडियम में पहुंचकर संपन्न हुई।

कार्यक्रम में बतौर अतिथि टाटा कमिंस के प्लांट हेड अजीतेश मुंगा, टाटा मोटर्स के जीएम पीके सिन्हा, टाटा मोटर्स अस्पताल के हेड डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

इस दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही लोगों से दोनों महान विभूतियों के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा, स्वच्छता, सादगी और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.