Jamshedpur : दुर्गा पूजा को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय में सिटी एसपी ललित मीणा की अध्यक्षता में जमशेदपुर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अंचितम गुप्ता समेत समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में विधि-व्यवस्था, पूजा पंडालों की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और प्रतिमा विसर्जन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधि-व्यवस्था डीएसपी सुमित कुमार, ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि वर्ष 2025 में जमशेदपुर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति से 347 पूजा समितियां जुड़ी थीं, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 351 हो गई है। पूजा समितियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए पुलिस के सामने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की जिम्मेदारी भी बढ़ी है।
षष्ठी से दशमी तक बढ़ेगी सुरक्षा
सिटी एसपी ने बताया कि दुर्गा पूजा का आयोजन 11 अक्टूबर से शुरू होगा। षष्ठी से दशमी तक शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है। देर रात तक पूजा पंडालों और बाजार क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
शहर के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक और रूट डायवर्जन पर भी चर्चा
बैठक में प्रमुख सड़कों, पूजा पंडालों और भीड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष चर्चा हुई। जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था पर भी विचार किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों से अपने-अपने पंडालों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
5 अक्टूबर को होगी अगली समीक्षा बैठक
बैठक में शहर के विभिन्न विसर्जन घाटों की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। आगामी 5 अक्टूबर को एक और बैठक आयोजित कर पूजा और विसर्जन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। इस वर्ष 21 अक्टूबर को विसर्जन प्रस्तावित है। विसर्जन के दौरान भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांतिपूर्ण माहौल और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी।

















