बागबेड़ा के वायरलेस मैदान में पुलिस की छापेमारी, हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान में पुलिस ने देर रात छापेमारी कर हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली (42) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक देशी लोडेड कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर की देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को सूचना मिली थी कि अनूप चक्रवर्ती वायरलेस मैदान में हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से घूम रहा है। सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

विशेष टीम ने वायरलेस मैदान पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का देशी लोडेड कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी

पुलिस के अनुसार, मामले में बागबेड़ा थाना में कांड संख्या 92/26, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत धारा 25(1-बी) ए/26 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

17 से अधिक आपराधिक मामलों का दावा

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनूप चक्रवर्ती के खिलाफ करीब 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न थानों के अलावा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि हथियार के साथ आरोपी की गिरफ्तारी से संभावित आपराधिक घटना को रोकने में सफलता मिली है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.