Jamshedpur : गांधी जयंती के अवसर पर सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर बर्मामाइंस स्थित हिंद कुष्ठ अस्पताल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अस्पताल के 38 कुष्ठ रोगियों समेत कुल 45 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो एवं उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
45 लोगों की जांच, दवा और परामर्श दिया गया
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. राजीव लोचन महतो ने 18 महिलाओं और 27 पुरुषों समेत कुल 45 लोगों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
इस अवसर पर कुष्ठ रोग से मुक्त लोगों को सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल की ओर से डॉ. राजीव लोचन महतो ने शॉल ओढ़ाकर और फल की टोकरी देकर सम्मानित किया।
जिला कुष्ठ परामर्शी ने लोगों को सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने और बारिश में भीगने से बचने की सलाह दी। उन्होंने सेल्फ केयर पर भी जोर दिया। साथ ही गर्म वस्तुओं को सीधे छूने और गर्म पानी से स्नान करने से बचने की सलाह दी।
अन्य कुष्ठ आश्रमों में भी स्वास्थ्य सेवा बहाल करने का आश्वासन
बताया गया कि पिछले दिनों जिला कुष्ठ कल्याण समिति के महामंत्री मो. जैनुद्दिन ने सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल से कुष्ठ आश्रमों में दोबारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया था। इसके बाद सिविल सर्जन ने मामले का संज्ञान लेते हुए हिंद कुष्ठ अस्पताल में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराया।
सिविल सर्जन ने जल्द ही अन्य कुष्ठ आश्रमों में भी स्वास्थ्य सेवाएं दोबारा शुरू करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर निमाई मंडल ने सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महात्मा गांधी के कुष्ठ रोग मुक्त भारत के सपने को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डॉ. राजीव लोचन महतो, दुर्योधन बागती, चंदन पाल और निमाई मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।

















