Adityapur : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान महात्मा गांधी की गुदड़ी बाजार, सरायकेला स्थित प्रतिमा तथा समाहरणालय परिसर में स्थापित उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की कोर्ट मोड़ स्थित प्रतिमा एवं समाहरणालय में स्थापित तैलचित्र पर भी पुष्प अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन और कार्य व्यवहार में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज और प्रशासन के लिए मार्गदर्शक हैं।
शास्त्री जी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को किया याद
पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के आदर्शों को स्मरण किया। उन्होंने सार्वजनिक दायित्वों के निर्वहन में ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए।
















