चार-पांच माह से पेंशन भुगतान लंबित, दुर्गापूजा से पहले बकाया राशि देने की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पोटका के पूर्व जिला पार्षद करुणामय मंडल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गरीब, असहाय, वृद्ध-वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन लाभुकों की लंबित पेंशन राशि के भुगतान की मांग को लेकर जिला उपायुक्त के नाम लिखित मांग पत्र सौंपा।

जिला उपायुक्त को सौंपे गए मांग पत्र में पूर्व जिला पार्षद ने कहा कि पिछले चार-पांच महीनों से बड़ी संख्या में जरूरतमंद पेंशन लाभुकों को पेंशन राशि का भुगतान नहीं हुआ है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के सामने गंभीर कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लाभुक ऐसे भी हैं, जिनके जीवन-यापन का मुख्य आधार पेंशन की राशि ही है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उनके समक्ष भोजन और दैनिक जरूरतों को पूरा करने की समस्या खड़ी हो गई है।

मांग पत्र में कहा गया कि आगामी दुर्गापूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व को देखते हुए लंबित पेंशन राशि का भुगतान जल्द किया जाना आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि दुर्गापूजा से पहले सभी पात्र लाभुकों को उनकी संपूर्ण बकाया पेंशन राशि का भुगतान कराया जाए।

करुणामय मंडल ने मांग पत्र में यह भी कहा कि यदि जरूरतमंद पेंशन लाभुकों को उनके हक से वंचित रखा जाता है, तो व्यापक जनहित की इस समस्या को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

जिला उपायुक्त के विशेष बैठक में व्यस्त रहने के कारण प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र उनके निजी सहायक ललन जी को सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिला पार्षद करुणामय मंडल के अलावा समाजसेवी एवं भाषा आंदोलनकारी तथा झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति के सचिव राजेश राय और हेमंत बेहरा शामिल थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.