Ranchi : विश्व हृदय दिवस के अवसर पर आकांक्षा सोशल एजुकेशन एंड स्किल डेवलपमेंट सोसाइटी एवं डॉ. बी. कुमार क्लीनिक, हरमू के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को हिनू चौक स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में विशेष नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं हृदय जांच शिविर आयोजित किया गया। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में करीब 35 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं और जरूरत के अनुसार विभिन्न जांच कराने की सलाह भी दी गई। शिविर का उद्देश्य लोगों को हृदय संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करने के साथ समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।
सीपीआर का लाइव डेमो बना आकर्षण
शिविर की खासियत कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) तकनीक का लाइव डेमोंस्ट्रेशन रहा। इस दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि किसी व्यक्ति को हृदयाघात या ऐसी आपात स्थिति में सीपीआर कब और किस तरह दिया जाना चाहिए। साथ ही सीपीआर से मरीज को होने वाले संभावित लाभ और आपात स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी गई।
शिविर में डॉक्टर की सलाह, दवाइयां और कुछ जरूरी जांच नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। आयोजकों ने बताया कि डॉ. बी. कुमार रांची के आर्किड हॉस्पिटल में कंसल्टेंट कार्डियक, डायबिटिक एवं फिजिशियन हैं और हरमू रोड में उनका अपना क्लीनिक भी संचालित होता है।
आकांक्षा सोसाइटी के सदस्यों ने शिविर के आयोजन और सफल संचालन के लिए डॉ. बी. कुमार एवं उनकी टीम के प्रति आभार जताया। शिविर में विवेक चांद, सत्यजीत रॉय, अक्षय मिश्रा, सतीश अग्रवाल, कौशिक चांद, शांतनु मुखर्जी, अंशुमन राज, अभिषेक गुप्ता और सचिन कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
शिविर के आयोजन में ओल्केयर लेबोरेटरीज, सिंटिगो लाइफसाइंस, इंटास, डॉ. रेड्डीज और अजंता फार्मा समेत विभिन्न दवा कंपनियों का भी सहयोग रहा। आयोजकों ने सहयोग के लिए सभी संस्थाओं और लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

















