Adiryapur : आदित्यपुर स्थित कंप्यूटर शिक्षण संस्थान जीजीएसपीआई इंस्टीट्यूट का रविवार को पुनः उद्घाटन किया गया। ओडिशा के पूर्व राज्यपाल एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने फीता काटकर संस्थान के नए तकनीकी स्वरूप की शुरुआत की।
समारोह को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान और तकनीक आधारित युग है। रोजगार की बदलती परिस्थितियों में केवल कागजी डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास व्यावहारिक कौशल और तकनीकी दक्षता होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामान्य एवं मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उनके भविष्य को मजबूत करने की दिशा में संस्थान की यह पहल महत्वपूर्ण है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवा और शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संस्थान के निदेशक गुरप्रीत सिंह सेहरा ने बताया कि डिजिटल तकनीक के तेजी से बदलते दौर को ध्यान में रखते हुए संस्थान के सभी पाठ्यक्रमों को अपग्रेड किया गया है। अब बेसिक कंप्यूटर शिक्षा के साथ कोडिंग, प्रोग्रामिंग एवं डिजाइनिंग जैसे पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल एआई टूल्स और आधुनिक सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।
इस अवसर पर अमरजीत सिंह राजा, वार्ड पार्षद अंजू सिंह, पूर्व पार्षद सुधीर, कुलवंत सिंह बंटी, सुखपाल कौर सहित संस्थान की टीम से अंकिता, मुस्कान, श्रुति, गोपी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने संस्थान के तकनीकी विस्तार की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

















