कुकड़ू हाट मैदान में सजा गणेश पूजा का भव्य मेला, मिलन पोद्दार नाइट में झूमे दर्शक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : कुकड़ू हाट मैदान में श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, सोलोआना, कुकड़ू की ओर से आयोजित गणेश पूजा महोत्सव के तहत शनिवार की शाम मिलन पोद्दार नाइट का भव्य आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा झारखंड प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. जटाशंकर पांडेय, विशिष्ट अतिथि सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत कुमार पोद्दार, सरायकेला जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक साहू, कृष्णा यादव एवं युवा मोर्चा के जिला मंत्री आकाश महतो ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना करने के बाद फीता काटकर किया।

इस अवसर पर पूजा समिति की ओर से सभी अतिथियों को भगवान श्री गणेश का चित्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति के रामभजन कुमार, कृष्णा कुम्हार, वसंत पोद्दार, विष्णु कुमार, निधुराम कुमार, मनोज मछुआ एवं नारायण पोद्दार सहित समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया।

गणेश पूजा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मीना बाजार और विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले लगाए गए हैं। शाम होते ही मेला परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। बच्चों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं एवं युवा भी मेले का आनंद ले रहे हैं।

शनिवार को आयोजित मिलन पोद्दार नाइट में कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक मनोरंजन करते रहे। इस दौरान मुख्य अतिथि डॉ. जटाशंकर पांडेय एवं प्रशांत कुमार पोद्दार ने स्थानीय कलाकार मिलन पोद्दार एवं आस्तिक दिवान को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस मौके पर डॉ. जटाशंकर पांडेय ने कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, बुद्धि और समृद्धि के प्रतीक हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। सोलोआना पूजा समिति द्वारा जिस भव्यता के साथ गणेश पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया है, वह पूरे ईचागढ़ क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

वहीं, भाजपा सोनारी मंडल अध्यक्ष एवं कुकड़ू निवासी प्रशांत कुमार पोद्दार ने क्षेत्रवासियों से गणेश पूजा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले का आनंद लेने की अपील की। उन्होंने आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सभी से सहयोग का आग्रह किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.