Adityapur : सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न वितरण में अनियमितता के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में खरसावां थाना कांड संख्या 25/26 में प्राथमिकी के अनुसंधान एवं तथ्यों के सत्यापन के बाद पुलिस ने ग्राम तेलीसाई के पीडीएस डीलर विनोद नायक (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, खरसावां प्रखंड की निलंबित जन वितरण प्रणाली दुकानों के खाद्यान्न स्टॉक एवं अभिलेखों के विशेष सत्यापन के दौरान विनोद नायक की दुकान में स्टॉक से जुड़ी गंभीर अनियमितता सामने आई थी। अभिलेखों के अनुसार दुकान में 15,142 किलोग्राम चावल और 3,892 किलोग्राम गेहूं अवशेष स्टॉक के रूप में होना अपेक्षित था। वहीं, भौतिक सत्यापन के दौरान चावल का स्टॉक शून्य पाया गया।
मामले को लेकर 29 मई 2026 को खरसावां थाना में कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में BNS की धारा 316(5) एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया। अनुसंधान एवं तथ्यों के सत्यापन के क्रम में पुलिस ने विनोद नायक को गिरफ्तार किया।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न के स्टॉक, अभिलेखों और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी एवं सत्यापन किया जा रहा है। जांच के दौरान अनियमितता, खाद्यान्न के दुरुपयोग, गबन अथवा अभिलेखों में विसंगति पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली पात्र लाभुकों के खाद्य सुरक्षा अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है। इसमें पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
















