Potka : उल्लास कार्यक्रम के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) एवं जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में सीएचसी पोटका में मानसिक एवं मिर्गी रोगियों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पोटका एवं मुसाबनी प्रखंड से पहुंचे मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रवि कुमार पांडा, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुमार गिरी, सीएचसी प्रभारी डॉ. सुकांत सीट एवं डॉ. महेश हेंब्रम ने किया।
चिकित्सकों ने मरीजों एवं उनके परिजनों को नियमित उपचार के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी बीमारी के प्रभावी उपचार के लिए चिकित्सक द्वारा निर्धारित मापदंड एवं समय के अनुसार दवाओं का नियमित सेवन जरूरी है। उन्होंने मरीजों को बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा बंद नहीं करने की भी सलाह दी।
शिविर में पोटका एवं मुसाबनी प्रखंड से आए 25 नए मरीजों तथा 77 पुराने मरीजों, यानी कुल 102 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। मरीजों को आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाएं भी प्रदान की गईं।
इस अवसर पर डॉ. स्मिता हेंब्रम, तजीन कुल्लू, पवन कुमार, डीपीसी हाकिम प्रधान, डीडीएम दिलीप कुमार, डालसा के पीएलवी चयन कुमार मंडल, छाकु माझी, ललिता पुरान, राजेश माहली, मीरा मंडल, ज्योत्सना गोप, कुरुमीता मुर्मू, सबिता सोरेन एवं मकरो कर्मकार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
















