जमशेदपुर पुलिस की मासिक समीक्षा बैठक, 99% शिकायतों का निष्पादन, 300 नए CCTV कैमरे लगेंगे

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : अपराध नियंत्रण, लंबित शिकायतों के निष्पादन, नशे एवं अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई तथा आगामी त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जमशेदपुर पुलिस की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, सभी डीएसपी, एसडीपीओ एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने पुलिस की कार्रवाई और उपलब्धियों की जानकारी दी।

एसएसपी के अनुसार, पिछले दो महीनों में प्राप्त शिकायतों में करीब 99 प्रतिशत का निष्पादन किया जा चुका है। वहीं घरेलू हिंसा से जुड़े कुल 661 मामलों में 558 मामलों का निष्पादन किया गया है।

नशे और अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई

नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में अब तक 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है

अवैध हथियार के मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 हथियार जब्त किए हैं। इस सिलसिले में 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

300 नए CCTV कैमरों से बढ़ेगी निगरानी

शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस CCTV नेटवर्क का विस्तार करेगी। एसएसपी ने बताया कि पहले से लगे कैमरों के अतिरिक्त 300 नए CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इससे संवेदनशील इलाकों और प्रमुख स्थानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत होने के साथ अपराध की घटनाओं की निगरानी और जांच में भी सहायता मिलेगी।

आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट

आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। एसएसपी ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और निगरानी को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

जमशेदपुर पुलिस का फोकस अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, नशे एवं अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई के साथ आगामी त्योहारों के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें