Jamshedpur : महिलाओं द्वारा संचालित संस्था बनश्री सरकार एवं ग्रुप के तत्वावधान में शनिवार को सोनारी के कागल नगर स्थित काली पूजा कमेटी हॉल में दो दिवसीय श्रीजनी कार्निवल का शुभारंभ हुआ। सामाजिक एवं सांस्कृतिक कर्मी पूरबी घोष ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्निवल के पहले दिन आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता में जमशेदपुर के करीब 150 बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रांकन प्रतियोगिता के निर्णायक राजू मुखर्जी रहे।
कार्निवल में शहर की 28 महिलाओं ने विभिन्न स्टॉल लगाए, जिनमें आकर्षक परिधान, आभूषण और स्वादिष्ट खाद्य सामग्री की प्रदर्शनी एवं बिक्री की गई। महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए इन स्टॉल ने आगंतुकों का खासा ध्यान आकर्षित किया।
रविवार को होगी संगीत प्रतियोगिता
आयोजन के दूसरे दिन रविवार को सुबह 9 बजे से संगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें रवींद्र संगीत, नजरुल गीति, देशभक्ति गीत और आधुनिक गीतों की प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिता में प्रतिभागी अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के विजेताओं को आगामी 3 और 4 अक्टूबर को साकची बंगाल क्लब में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा।
मौके पर बनश्री सरकार, शिल्पी सिंह, देबश्री नाग, सोमा सेनगुप्ता, सोमा घोष, सुलेखा डे, टुम्पा समेत कई लोग मौजूद रहे।

















