नेशनल लोक अदालत में रिकॉर्ड 3.10 लाख मामलों का निष्पादन, 36.93 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में शनिवार को जमशेदपुर सिविल कोर्ट में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में रिकॉर्ड 3,10,643 मामलों का निष्पादन किया गया। इन मामलों के निष्पादन से समझौता राशि के रूप में कुल 36 करोड़ 93 लाख 28 हजार 255 रुपये प्राप्त हुए।

लोक अदालत में निष्पादित मामलों में 2,98,495 प्रीलिटिगेशन मामले शामिल रहे। इन मामलों के निष्पादन से 35 करोड़ 13 लाख 96 हजार 697 रुपये समझौता राशि प्राप्त हुई।

वहीं, न्यायिक बेंच के समक्ष अदालतों में लंबित 12,148 मामलों को सुनवाई के लिए रखा गया। आपसी समझौते के आधार पर इन सभी मामलों का निष्पादन किया गया। इन विचाराधीन मामलों के निष्पादन से कुल 1 करोड़ 79 लाख 31 हजार 558 रुपये की राशि प्राप्त हुई।

जमशेदपुर में 12 और घाटशिला में चार बेंच

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि नेशनल लोक अदालत में मामलों के निष्पादन के लिए जमशेदपुर सिविल कोर्ट में 12 बेंच और घाटशिला अनुमंडल न्यायालय में चार बेंच का गठन किया गया था।

उन्होंने कहा कि लोक अदालत सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी मंच है। लोगों को अपने मामलों के आपसी समझौते और त्वरित समाधान के लिए लोक अदालत जैसे मंच का लाभ उठाना चाहिए।

इससे पहले नेशनल लोक अदालत का ऑनलाइन उद्घाटन धनबाद व्यवहार न्यायालय से झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद ने किया। लोक अदालत को सफल बनाने में न्यायिक पदाधिकारियों, कोर्ट स्टाफ और पीएलवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.