327 पूजा समितियों की मौजूदगी में दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की आमसभा, 11 अक्टूबर से शुरू होगा पूजा महोत्सव

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की वार्षिक आमसभा शनिवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में आयोजित हुई। बैठक में शहर की 327 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता ने की। मंच संचालन महामंत्री आशुतोष सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने किया।

बैठक में केंद्रीय समिति का वार्षिक प्रतिवेदन कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने प्रस्तुत किया। इसके बाद विगत वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा ओमियो ओझा ने सभा के समक्ष रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं, ऑडिट रिपोर्ट प्रदीप कुमार दास ने प्रस्तुत की।

11 अक्टूबर से शुरू होगा दुर्गा पूजा महोत्सव

आमसभा में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव 11 अक्टूबर से शुरू होगा और 21 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा के साथ विसर्जन किया जाएगा। पिछले वर्षों की परंपरा के अनुसार शंख ध्वनि के साथ पूजा मंडपों का अनावरण किया जाएगा।

स्लैग आपूर्ति को लेकर जताई चिंता

बैठक में पिछले वर्ष पूजा समितियों को हुई परेशानियों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले वर्ष स्लैग की आपूर्ति बीच में बंद हो गई थी। इसके अलावा अत्यधिक बारिश के कारण पूजा समितियों को आयोजन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।

केंद्रीय समिति ने कहा कि यदि इस वर्ष भी पूजा समितियों को आवश्यकता के अनुसार स्लैग की आपूर्ति नहीं की जाती है, तो पूरे वर्ष टाटा स्टील के स्लैग को जमशेदपुर क्षेत्र में कहीं भी गिराने नहीं दिया जाएगा। समिति ने संबंधित प्रबंधन और प्रशासन से समय रहते समस्या का समाधान करने की मांग की।

पूजा के साथ चलेगा नशा मुक्ति अभियान

इस वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान पूजा समितियों की ओर से नशा मुक्ति अभियान भी चलाया जाएगा। पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

पूजा समितियों ने उठाईं स्थानीय समस्याएं

आमसभा में विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। इनमें बर्मामाइंस गोलचक्कर और काशीडीह गोलचक्कर पर पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था, स्लैग रोड पर पर्याप्त रोशनी, फ्लाईओवर निर्माण के कारण खराब हुई मुख्य सड़कों की मरम्मत तथा गांधी मैदान में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही।

परसुडीह क्षेत्र में करनडीह दुर्गा पूजा समिति के सामने नाली का गंदा पानी बहने की समस्या का भी मुद्दा उठाया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि कई बार वरीय अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। इसके अलावा लोको कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति ने रेलवे के स्लीपर हटाने की मांग रखी।

प्रशासन ने समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

बैठक में मौजूद एडीएम लॉ एंड ऑर्डर मुकेश मछुआ ने पूजा समितियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला के वरीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

उन्होंने सभी पूजा समितियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन अपनी जिम्मेदारी के प्रति पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।

केंद्रीय समिति ने प्रशासन, टाटा स्टील, रेलवे और संबंधित विभागों से पूजा समितियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने की मांग की, ताकि जमशेदपुर में दुर्गा पूजा महोत्सव शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, दिनेश कुमार, बृजभूषण सिंह, रविंद्र झा, भीष्म सिंह, शिवशंकर सिंह विजय, विजय वर्धा, विष्णु महानंदा, दिवाकर सिंह, अशोक सिन्हा, गौतम प्रसाद, परमात्मा मिश्रा, चमनदीप गिल, असीत चक्रवर्ती, नंदलाल सिंह, देवाशीष नाहा, धर्मेंद्र प्रसाद, इन्द्रजीत, शौभिक, अजय शर्मा, सत्येंद्र, ओमियो ओझा, सुरजीत चौधरी, पी.एस. मातुर, आर.पी. सिंह, मनीष कुमार, हर्ष नायडू, शंभू मुखी, अर्जुन शर्मा, सुनील सिंह, राजीव सिंह, बबन शुक्ला समेत विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

केंद्रीय समिति ने सभी पूजा समितियों से आपसी समन्वय, सहयोग और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.