Jamshedpur : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारी सेंटर, साकची एवं समस्त ईश्वरीय परिवार की ओर से समाज को ज्ञान की रोशनी देने वाले शिक्षकों तथा नशामुक्त भारत अभियान में समर्पित भाव से कार्य कर रहे सेवाधारी भाई-बहनों के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीडीसी बृज भूषण सिंह, ‘चंपक’ की संपादक टीना चंद्रशेखर, दैनिक भास्कर के चीफ रिपोर्टर संजय कुमार पोद्दार, सुवर्ण वर्णित समाज के प्रदेश अध्यक्ष दीपक दत्ता, प्रदेश महासचिव एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शिक्षक संघ के रवि मांझी तथा ब्रह्माकुमारी साकची की प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सुधा दीदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिक्षा और संस्कार को बताया समाज निर्माण की आधारशिला
कार्यक्रम में अतिथियों ने शिक्षा, संस्कार, नशामुक्ति और समाज निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज को सही दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषय का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र और संस्कारों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के संदर्भ में वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन पवित्रता, प्रेम, साहस, श्रेष्ठ संस्कार और सकारात्मक जीवन-दृष्टि की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि माता देवकी और यशोदा द्वारा दिए गए संस्कारों की तरह आज के माता-पिता एवं शिक्षकों द्वारा बच्चों को दिए जाने वाले संस्कार भी उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नशामुक्त भारत अभियान पर विशेष जोर
समारोह में नशामुक्त भारत अभियान को विशेष रूप से केंद्र में रखा गया। वक्ताओं ने नशे को व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बड़ी बाधा बताते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और संस्कारवान समाज के निर्माण के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।
इस अवसर पर शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले अतिथियों के साथ नशामुक्ति अभियान से जुड़े समर्पित सेवाधारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
नशामुक्ति अभियान से जुड़े सेवाधारी सम्मानित
अभियान में सहयोग करने वाले हैप्पी भाई, अशोक भाई, हनुमंत भाई, पवन भाई, सुरेंद्र भाई, अरुण भाई, कृतिवास भाई, मिथिलेश भाई (एनसी), हिमांशु भाई, संतोष भाई, कलाकांत भाई, दुर्गा बहन, मीना बहन, माधवी बहन, कंचन बहन, रीना बहन, सावित्री बहन, रीना बहन भुइयाँडीह, संजू बहन, अहिल्या बहन, सोनेलाल भाई एवं मिथिलेश भाई को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने ब्रह्माकुमारी सेंटर, साकची द्वारा शिक्षा, संस्कार और नशामुक्ति के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने नशामुक्त एवं संस्कारवान समाज के निर्माण का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि सच्चे शिक्षक और निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले सेवाधारी स्वस्थ एवं स्वर्णिम समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ब्रह्माकुमारी सेंटर, साकची के समस्त ईश्वरीय परिवार एवं सेवाधारी भाई-बहनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

















