Potka: पोटका प्रखंड मुख्यालय स्थित फुटबॉल मैदान में प्रखंड संसाधन केंद्र के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड अंडर-17 बालक-बालिका प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
उद्घाटन समारोह में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि राज्य सरकार विद्यालय स्तर से ही ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेलो झारखंड जैसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल में भी अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च विद्यालय जाहातु, पोटका-1 की अंडर-17 बालक खो-खो टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम की सफलता से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मौके पर पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, हीरामणि मुर्मू, सुनील महतो, डोबो चाकिया सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
















