Jamshedpur : आगामी दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन एवं तैयारियों के फॉलो-अप को लेकर विश्वविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में द्वितीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने की।
बैठक में सामाजिक विज्ञान, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के डीन, दीक्षांत समारोह के संयोजक डॉ. संजय यादव एवं सह-संयोजक असिस्टेंट प्रोफेसर रिंकी दोराई सहित आयोजन समिति के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर सदस्य उपस्थित रहे।

तैयारियों की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान दीक्षांत समारोह से संबंधित अब तक पूरी की गई तैयारियों एवं विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने आयोजन समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण एवं गरिमापूर्ण आयोजन है, इसलिए सभी तैयारियों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ समय पर पूरा किया जाना चाहिए।
बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न दायित्वों की प्रगति पर चर्चा करते हुए संबंधित सदस्यों को आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि दीक्षांत समारोह का आयोजन सुव्यवस्थित, भव्य एवं सफल तरीके से किया जा सके।

















