राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस ने किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की।

कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के महान शिल्पकार थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने के लिए दूरदर्शी निर्णय लिए। सूचना प्रौद्योगिकी एवं कंप्यूटर के क्षेत्र को बढ़ावा देकर उन्होंने भारत में तकनीकी क्रांति की मजबूत नींव रखी।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने के साथ सत्ता के विकेंद्रीकरण एवं पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके कार्यकाल में मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई, जिससे युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ी।

प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने कहा कि युवाओं को राजीव गांधी के विचारों और आधुनिक भारत के सपने से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। कांग्रेस उनके लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध है।

कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया। अंत में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने तथा आधुनिक एवं मजबूत भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में रियाजुद्दीन खान, ब्रजेन्द्र तिवारी, राजकिशोर यादव, रईस रिजवी, प्रताप यादव, अमरजीत नाथ मिश्रा, रामलाल प्रसाद पासवान, आशुतोष सिंह, उदय कुमार सिंह, राजीव मिश्र, राकेश साहू, सुल्तान अहमद, रंजीत सिंह, शिखा चौधरी, अंजनी पाण्डेय, बबलू नौशाद, गुरदीप सिंह सोहल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन सेवादल कांग्रेस चेयरमैन राजा सिंह राजपूत ने किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें