बरहरवा में 1.003 किलो ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, अब तक की बड़ी बरामदगी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Sahibganj : बरहरवा अनुमंडल पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.003 किलो ब्राउन शुगर के साथ तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थ की कीमत लाखों रुपये है और यह बरहरवा क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी ब्राउन शुगर बरामदगी है।

बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि 18 अगस्त की रात गुप्त सूचना मिली थी कि केशरो गांव के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना पर रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर निगरानी शुरू की गई। सुबह करीब चार बजे केशरो के पास एक सफेद स्कॉर्पियो पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर वाहन को पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 1.003 किलो ब्राउन शुगर और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन राज (22), गुलशन कुमार (25), दोनों बिहार के क्रमश: सहरसा और मधेपुरा निवासी, तथा शिवम मिश्रा (19), कालियाचक, मालदा निवासी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने कालियाचक से ब्राउन शुगर खरीदकर बिहार समेत अन्य राज्यों में ऊंचे दाम पर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस को गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। तीनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(5)/3(5) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C), 25 व 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.