Guwa : सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हतनाबुरु गांव के समीप ग्रामीण सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। तेज बारिश के पानी के बहाव में पुलिया के पास पीसीसी सड़क का बड़ा हिस्सा बह जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है। वहीं, सड़क पर पेड़ गिरने से मार्ग और अधिक संकरा हो गया है।
क्षतिग्रस्त सड़क से ग्रामीणों को मोटरसाइकिल तक पार कराने में काफी परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान तेज पानी का बहाव होने से हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
छोटानागरा-थोलकोबाद मार्ग पर बढ़ी परेशानी
हनतनाबुरु के समीप क्षतिग्रस्त सड़क छोटानागरा से थोलकोबाद जाने वाले प्रमुख मार्ग का हिस्सा है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण आवागमन करते हैं। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से सारंडा के दर्जनों गांवों के लोगों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण सड़क का क्षतिग्रस्त हिस्सा और बढ़ सकता है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो मार्ग पूरी तरह बाधित होने की आशंका है।
पेड़ हटाने और तत्काल मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क पर गिरे पेड़ को तत्काल हटाने तथा बह चुके पीसीसी सड़क के हिस्से की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और इसके बाधित होने से कई गांवों के लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश की स्थिति को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था और स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु रखा जा सके।

















