अनुकंपा नियुक्ति की मांग पर गुवा सेल में चक्का जाम खत्म, वार्ता में बनी सहमति

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa:  आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग को लेकर गुवा सेल खदान में चल रहा चक्का जाम सोमवार देर शाम प्रबंधन और यूनियन के बीच वार्ता के बाद समाप्त हो गया। सुबह स्थगित हुई सुलह वार्ता शाम चार बजे दोबारा शुरू हुई, जिसमें अनुकंपा नियुक्ति समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

वार्ता के दौरान सेल प्रबंधन ने बताया कि अधिकारियों के सर्वोच्च निकाय एसईएफआई ने मामले को अपने स्तर पर लिया है और सेल प्रबंधन के साथ इस मुद्दे पर बातचीत कर रहा है। यूनियन ने मांग रखी कि मृतक कर्मचारी की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति अथवा पारिवारिक लाभ योजना में से किसी एक विकल्प को चुनने का अधिकार दिया जाए।

प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि मृतक कर्मचारी की पत्नी अपनी इच्छा के अनुसार उचित आवेदन दे सकती हैं। आवेदन मिलने के बाद सक्षम प्राधिकारी लागू नियमों के तहत मामले की जांच कर निर्णय लेगा। हालांकि, दोनों योजनाओं का लाभ एक साथ नहीं दिया जा सकता।

वार्ता के अंत में प्रबंधन ने यूनियन से हड़ताल समाप्त करने का आग्रह किया, जिस पर यूनियन ने सहमति जताई। इसके बाद गुवा सेल खदान में चल रहा चक्का जाम समाप्त कर दिया गया।

वार्ता में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के रामा पांडे, सारंडा मजदूर यूनियन के निर्मलजीत सिंह, झारखंड मजदूर मोर्चा के पंचम जॉर्ज सोय, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के विश्वजीत तांती, सीटू के राकेश कुमार और इंटक के तुफान घोष शामिल हुए। प्रबंधन की ओर से मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार और महाप्रबंधक अर्नब डे मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें