बन्ना गुप्ता और सुधा गुप्ता ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, राहत कार्य तेज करने का निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

JAMSHEDPUR । लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण मानगो के कई इलाकों में जलजमाव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। दोनों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।

बन्ना गुप्ता और सुधा गुप्ता ने श्याम नगर, कुंवर बस्ती, राम नगर और करीम सिटी कॉलेज के पीछे के इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने घरों में पानी घुसने, आवागमन में परेशानी और राहत सामग्री की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

मेयर सुधा गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों और राहत टीम को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों की स्थिति के अनुसार उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा पेयजल, सूखा राशन और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही चिकित्सा टीम को भी अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया।

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि संकट की इस घड़ी में लोगों की सुरक्षा और उन्हें तत्काल राहत उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही। साथ ही लोगों से जलजमाव और बाढ़ प्रभावित जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की।

मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.