80 साल बाद गंभीरकोचा-जोजोगोड़ा को मिली पक्की सड़क की सौगात, 3.20 करोड़ से बनेगी 3.30 किमी सड़क

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka : आजादी के करीब 80 साल बाद गंभीरकोचा-जोजोगोड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों का पक्की सड़क का इंतजार खत्म होने जा रहा है। पोटका विधायक संजीव सरदार के प्रयास से मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गंभीरकोचा से जोजोगोड़ा तक 3.30 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का शिलान्यास किया गया। करीब 3.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

कच्चे रास्ते तक सीमित था आवागमन

ग्रामीणों के अनुसार गंभीरकोचा से जोजोगोड़ा तक लंबे समय से कच्चा रास्ता ही आवागमन का मुख्य साधन था। जोजोगोड़ा के आगे कई इलाकों में सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण चार पहिया वाहनों का पहुंचना भी मुश्किल था। इसका सीधा असर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ता था।

बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। बरसात के दौरान कच्चे रास्ते की स्थिति और खराब हो जाने से आवागमन और भी कठिन हो जाता था।

एंबुलेंस और स्कूली बच्चों को भी होती थी परेशानी

सड़क सुविधा के अभाव में सबसे ज्यादा परेशानी आपातकालीन परिस्थितियों में होती थी। बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना और एंबुलेंस को गांव तक लाना चुनौतीपूर्ण रहता था। वहीं बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

वन क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण आईं अड़चनें

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र वन विभाग से जुड़ा होने के कारण सड़क निर्माण की स्वीकृति और प्रक्रिया में कई विभागीय एवं प्रशासनिक अड़चनें सामने आईं। लंबे समय से सड़क की मांग के बावजूद योजना को धरातल पर उतारना आसान नहीं था। विधायक संजीव सरदार के लगातार प्रयास के बाद अब सड़क निर्माण का रास्ता साफ हुआ है।

‘गांव-गांव तक बेहतर सड़क पहुंचाना प्राथमिकता’ : संजीव सरदार

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।

विधायक ने कहा कि गंभीरकोचा-जोजोगोड़ा सड़क बनने से केवल आवागमन आसान नहीं होगा, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने इसे ‘विकसित पोटका’ के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने ग्रामीणों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आने पर तत्काल सूचना देने की अपील की। साथ ही विभागीय अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

ग्रामीणों ने जताया विधायक के प्रति आभार

सड़क निर्माण की स्वीकृति और शिलान्यास से उत्साहित ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की मांग की जा रही थी। सड़क बनने के बाद एंबुलेंस, चार पहिया वाहनों और स्कूली बच्चों के आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में माझी बाबा गौर पुराण, माझी बाबा राजा राम मार्डी, झारखंड आंदोलनकारी नेता सुनील महतो, पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्रावती महतो, चक्रधर महतो, हितेश भगत, भुवनेश्वर सरदार, रमेश सोरेन, भारत सरदार, कार्तिक सरदार, सागर सरदार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें