फुटबॉल मैच खेलने के बाद सड़क पर गिरे सेल अधिकारी, हार्ट अटैक से मौत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa: गुवा सेल के खदान क्षेत्र के माइनिंग विभाग में कार्यरत सेल एग्जीक्यूटिव ऑफिसर दिवेंदू दास (32) की शनिवार को अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। फुटबॉल मैच खेलने के कुछ देर बाद सड़क पर गिरने से हुई उनकी मौत की खबर से सेल प्रबंधन, अधिकारियों-कर्मचारियों और पूरे गुवा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

सेल अधिकारियों के अनुसार, 15 अगस्त को सेल प्रबंधन की ओर से सेल फुटबॉल मैदान में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। दिवेंदू दास ने भी फुटबॉल मैच में हिस्सा लिया था। मैच खेलने के बाद उन्होंने करीब आधे घंटे तक मैदान में आराम किया। इसके बाद वह पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे। कुछ दूर पहुंचने के बाद अचानक सड़क पर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद सीआईएसएफ जवानों ने उन्हें तत्काल गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना उनकी पत्नी को दी गई, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचीं।

सेल अधिकारियों ने बताया कि दिवेंदू दास की नियुक्ति आसनसोल से गुवा सेल में हुई थी और यहां उन्हें सेवा करते हुए करीब दो वर्ष ही हुए थे। उनकी शादी को भी लगभग एक वर्ष ही हुआ था। कम उम्र में अचानक हुई इस मौत से माइनिंग विभाग के साथ-साथ पूरे गुवा क्षेत्र में मातम पसरा है।

सेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवेंदू दास के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.