Jamshedpur : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन और टाटा मोटर्स लिमिटेड, जमशेदपुर के बीच कर्मचारियों की वेतन संरचना के पुनर्गठन को लेकर समझौते पर सहमति बनी है। यह पुनर्गठन वेतन संहिता, 2019 (Code on Wages, 2019) के सिद्धांतों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाएगा।
समझौते के दौरान प्लांट हेड अनुराग छारिया, एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय तथा टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह मौजूद रहे।
यूनियन और प्रबंधन के बीच हुए इस समझौते का उद्देश्य कर्मचारियों के लिए पारदर्शी, नियमसम्मत, न्यायसंगत एवं टिकाऊ वेतन संरचना सुनिश्चित करना है। साथ ही, इसके माध्यम से कर्मचारियों के वैध हितों की रक्षा करने के साथ कंपनी की दीर्घकालिक वृद्धि और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

बताया गया कि वेतन संरचना के पुनर्गठन की प्रक्रिया को लागू करने में लगभग तीन महीने का समय लगेगा। इसके बाद इसका प्रभाव कर्मचारियों की वेतन पर्ची में दिखाई देगा। यूनियन ने स्पष्ट किया कि वेतन पुनर्गठन की प्रक्रिया से कर्मचारियों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
यूनियन ने इस महत्वपूर्ण विषय पर प्रबंधन की ओर से अपनाए गए सकारात्मक एवं रचनात्मक रवैये की सराहना की। साथ ही कहा कि कर्मचारियों से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान आपसी संवाद, विचार-विमर्श और सहमति के माध्यम से किया जाना आवश्यक है।
















