Jamshedpur : बागबेड़ा एवं आसपास के पंचायत क्षेत्रों में SIR की प्रारूप मतदाता सूची से मुखिया, उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य समेत सैकड़ों मतदाताओं के नाम गायब होने का मामला सामने आया है। इसे गंभीरता से लेते हुए पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के नेतृत्व में जिला उपायुक्त राजीव रंजन के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मांग पत्र सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि संबंधित मतदाताओं ने निर्धारित समय सीमा के भीतर BLO के पास आवश्यक दस्तावेजों के साथ SIR फॉर्म जमा किए थे। कई मतदाताओं के पास फॉर्म जमा करने की प्राप्ति रसीद भी मौजूद है। इसके बावजूद प्रारूप मतदाता सूची में उनके नाम नहीं दिखाई दे रहे हैं। नाम गायब होने से पंचायत प्रतिनिधियों और मतदाताओं के बीच असंतोष एवं भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
प्रतिनिधियों ने मांग की कि नाम हटने या सूची में शामिल नहीं होने के वास्तविक कारणों की जांच कराई जाए। प्रभावित मुखिया, उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्यों एवं अन्य मतदाताओं को कारण सहित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और सभी पात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार तत्काल मतदाता सूची में जोड़े जाएं।
प्रतिनिधिमंडल ने भविष्य में इस प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए निगरानी एवं सत्यापन व्यवस्था को भी मजबूत करने की मांग की।
उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने पात्र मुखिया, उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्यों एवं अन्य मतदाताओं के नाम नियमानुसार पुनः शामिल कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, ग्राम प्रधान चुनका माडी, उपमुखिया विनीता देवी, कुमोद यादव, आलम ताज, पंचायत समिति सदस्य किशोर सिंह, सतवीर सिंह बग्गा, रवि कुलरी, संदीप शर्मा, वार्ड सदस्य नीतीश समेत कई पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
















