Chaibasa: कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा में बुधवार को e-Samarth एवं राज्य कर्मचारी स्वास्थ्य बीमा योजना (SEHIS) पोर्टल के क्रियान्वयन और उपयोग को लेकर एक दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित की गई। दोपहर 2:30 बजे शुरू हुई कार्यशाला करीब 4:10 बजे तक चली। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में डिजिटल प्रशासन को मजबूत करने के साथ संबंधित पदाधिकारियों और कर्मचारियों को दोनों पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण देना था।
कार्यशाला में कोल्हान विश्वविद्यालय के 20 अंगीभूत महाविद्यालयों से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें महाविद्यालयों के प्राचार्य, नोडल अधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी शामिल रहे।
कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने मुख्य संरक्षक के रूप में कार्यक्रम का नेतृत्व किया। वहीं, कुलसचिव डॉ. अमर कुमार ने प्रतिभागियों का स्वागत किया।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन e-Samarth एवं RSKBY के नोडल अधिकारी डॉ. सोमनाथ कर ने किया। विश्वविद्यालय की e-Samarth टीम की ओर से डॉ. तनुजार मोहंती, विश्वविद्यालय भूविज्ञान विभाग, प्रत्युष पाणि, स्थापना शाखा सहित टीम के अन्य सदस्यों ने प्रशिक्षण में सहयोग किया।
कार्यशाला में e-Samarth एवं SEHIS पोर्टल की कार्यप्रणाली, क्रियान्वयन प्रक्रिया और विभिन्न मॉड्यूल की जानकारी दी गई। इसके बाद प्रतिभागियों को Hands-on Training प्रदान किया गया। e-Samarth पोर्टल का समग्र व्यावहारिक प्रशिक्षण डॉ. सोमनाथ कर ने दिया, जबकि Leave Module का प्रशिक्षण डॉ. तनुजार मोहंती ने कराया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके बाद प्रश्नोत्तर एवं चर्चा सत्र आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने पोर्टल के संचालन, यूजर रोल, मॉड्यूल और उनके क्रियान्वयन से जुड़े व्यावहारिक सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने सवालों का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. तनुजार मोहंती ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि यह कार्यशाला अंगीभूत महाविद्यालयों में ई-गवर्नेंस को प्रभावी बनाने, डिजिटल कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने तथा e-Samarth एवं SEHIS पोर्टल के सुचारु क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

















