Jamshedpur: गदड़ा पंचायत में झारखंड आंदोलनकारी नेता जेना जामुदा के नेतृत्व में विश्व आदिवासी दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। गदड़ा फुटबॉल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में खरसावां गोलीकांड के शहीदों की वेदी एवं महान आदिवासी योद्धा पोटो हो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं धूप दिखाकर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष सह झामुमो नेता राजेश सामंत उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति और पहचान की रक्षा के संकल्प का दिन भी है।
राजेश सामंत ने कहा कि आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के लोगों को एकजुट होकर शिक्षा, विकास और सामाजिक उत्थान के लिए प्रयास करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अपनी पहचान और संस्कृति को सुरक्षित रखते हुए शिक्षा एवं विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है। युवाओं की भागीदारी से ही समाज को नई दिशा दी जा सकती है।
कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारी नेता जेना जामुदा, राजेश सामंत, ग्राम प्रधान सुखलाल हेम्ब्रम, शिवलाल लोहरा, छोटे सरदार, नारायण बंडरा, संपूर्ण सवैया, चरण पूर्ति, बीरेन गोडसोरा, गुराई पूर्ति, जीरा पूर्ति, अनीता हेम्ब्रम, सुरमी पूर्ति, लक्ष्मी बारदा, महेंद्र बिरूली, मीरा हेम्ब्रम, जितेंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाज के लोग मौजूद रहे।
















