वीर शहीद निर्मल महतो के 39वें शहादत दिवस पर 8 अगस्त को श्रद्धांजलि कार्यक्रम, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे शामिल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

JAMSHEDPUR : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से 8 अगस्त को वीर शहीद निर्मल महतो के 39वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला कार्यालय सचिव प्रीतम हेंब्रम ने जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के निर्देश पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।

कार्यक्रम के तहत शनिवार पूर्वाह्न 11:45 बजे बिष्टुपुर स्थित बी रोड के चमारिया गेस्ट हाउस परिसर में निर्मल महतो के शहादत स्थल पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद झामुमो कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कदमा स्थित उलियान समाधि स्थल पहुंचेंगे, जहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद दोपहर करीब 1 बजे आयोजित आमसभा में भाग लेंगे।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम में शामिल होकर वीर शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा आमसभा को संबोधित करने की स्वीकृति दे दी है।

कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल के मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, झामुमो के केंद्रीय पदाधिकारी, जिला एवं महानगर इकाई के पदाधिकारी, महिला नेत्रियां, झारखंड आंदोलनकारी तथा विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें