JAMSHEDPUR : ग्रेजुएट महाविद्यालय के सभागार में गुरुवार को बीएड विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ मध्यस्थ अधिवक्ता के.के. सिन्हा, लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य अधिवक्ता योगिता कुमारी तथा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी उपस्थित रहीं। अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ने अपने संबोधन में कहा कि छात्राओं के लिए कानूनी जागरूकता अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें। वहीं, डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने पॉक्सो अधिनियम, महिलाओं के संवैधानिक अधिकार, पैतृक संपत्ति में महिलाओं की हिस्सेदारी, गुड टच-बैड टच, एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
वरिष्ठ अधिवक्ता के.के. सिन्हा और अधिवक्ता योगिता कुमारी ने महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, मानव तस्करी, डायन प्रताड़ना तथा डालसा की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए किसी भी कानूनी सहायता के लिए डालसा कार्यालय से संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. विश्वेश्वर यादव ने किया। शिविर को सफल बनाने में डालसा के पैरा लीगल वॉलंटियर (पीएलवी) नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, संजय कुमार तिवारी, आशीष प्रजापति तथा महाविद्यालय की दीपिका कुजूर और डॉ. निशा कोंगारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी प्राप्त की।
















