Ghatshila : घाटशिला रेलवे स्टेशन परिसर में टेंपू चालकों द्वारा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पर प्रतिदिन एक केस लेने का दबाव बनाने की शिकायत के बाद क्षेत्रीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने मामले में तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के प्रभारी पी.के. कश्यप से मुलाकात कर टेंपू चालकों की समस्याओं से अवगत कराया।
टेंपू चालकों ने विधायक को बताया कि प्रतिदिन उनके खिलाफ केस दर्ज करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं। उनका कहना था कि कई ट्रेनों के समय पर नहीं चलने के कारण उनकी आमदनी पहले से ही प्रभावित है और ऐसे में इस तरह की कार्रवाई उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन रही है। चालकों ने विधायक से न्याय दिलाने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने RPF प्रभारी से विस्तृत चर्चा की। इस पर RPF प्रभारी पी.के. कश्यप ने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी और किसी भी टेंपू चालक का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में टेंपू चालक मौजूद रहे। साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कई कार्यकर्ताओं ने भी मौके पर उपस्थित होकर चालकों की मांगों का समर्थन किया और समस्याओं के समाधान की मांग की।
















