Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे गैस सिलेंडर विस्फोट होने से बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। विस्फोट में पांच मजदूर झुलस गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक की पहचान मुरली पात्रो के रूप में हुई है। हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुरली पात्रो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल एक मजदूर का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (TMH), जमशेदपुर में चल रहा है, जबकि तीन अन्य झुलसे मजदूरों को प्राथमिक उपचार के लिए संजीवनी नर्सिंग होम, आदित्यपुर में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सिलेंडर विस्फोट के कारणों और फैक्ट्री में अपनाए गए सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वहीं, हादसे में एक मजदूर की मौत और चार अन्य के घायल होने के बावजूद कंपनी प्रबंधन की ओर से देर शाम तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। इससे फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

















