Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 17 जुलाई की रात सरायकेला थाना क्षेत्र के जोरडीहा निवासी लाल चांद सरदार के घर से चोरी हुई मोटरसाइकिल मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने बताया कि चोरी की घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह का पर्दाफाश किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26), करण बास्के (22) और कृष्णा नाथ उर्फ दुखू (22) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर (JH22F-8686) के अलावा बिना नंबर प्लेट की चार अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। बरामद सभी वाहनों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। अख्तर अंसारी के खिलाफ पहले से पांच, जबकि करण बास्के के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका गिरोह सरायकेला-खरसावां और आसपास के जिलों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन खड़ा करते समय सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

















