भुइयांडीह अतिक्रमण मामला: बस्तीवासियों के समर्थन में उतरीं विधायक पूर्णिमा साहू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: भुइयांडीह के कल्याणनगर और इंद्रानगर में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर गुरुवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने जिला उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर बस्तीवासियों का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों का पुनर्वास सुनिश्चित किए बिना किसी भी प्रकार की कार्रवाई मानवीय दृष्टि से उचित नहीं होगी।

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के वर्ष 2024 के आदेश के अनुपालन में प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर उपायुक्त कार्यालय में हुई बैठक में बस्तीवासियों का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। इस दौरान लगातार हो रही बारिश, संभावित विस्थापन और हजारों लोगों के सामने उत्पन्न मानवीय संकट पर विस्तार से चर्चा हुई।

विधायक पूर्णिमा साहू ने उपायुक्त से आग्रह किया कि मौजूदा हालात में लोगों को बेघर करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि किसी को खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर न होना पड़े।

उन्होंने बताया कि इस मामले में 29 जुलाई को एनजीटी में अंतिम सुनवाई पूरी हो चुकी है, लेकिन आदेश की प्रति अभी तक सार्वजनिक नहीं हुई है। ऐसे में आदेश की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हुए बिना किसी भी प्रकार की जल्दबाजी उचित नहीं होगी। उन्होंने प्रशासन से अंतिम आदेश का अध्ययन करने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

इस पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन भी एनजीटी के अंतिम आदेश की प्रति का इंतजार कर रहा है। आदेश उपलब्ध होने और उसके विधिक अध्ययन के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्णिमा साहू ने कहा कि वर्ष 2023 से चल रहे इस मामले में वे शुरुआत से ही बस्तीवासियों के साथ खड़ी हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में जारी नोटिस झारखंड पब्लिक लैंड इंक्रोचमेंट एक्ट की धारा-6 के तहत अंतिम नोटिस है। उन्होंने कहा कि एनजीटी का आदेश सार्वजनिक होने के बाद उसका विधिक परीक्षण कराया जाएगा और यदि जरूरत पड़ी तो बस्तीवासियों के हितों की रक्षा के लिए न्यायालय का भी रुख किया जाएगा।

उन्होंने दोहराया कि कानून का सम्मान करते हुए भी प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ न्याय होना चाहिए और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना कोई कठोर कदम नहीं उठाया जाना चाहिए।

बैठक के दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव तथा कल्याणनगर और इंद्रानगर बस्ती के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.