Jamshedpur : सावन माह में धार्मिक आस्था और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश करते हुए कांग्रेस के जिला महासचिव शाहनवाज अहमद ने बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की निशुल्क कांवर यात्रा के संयोजक विकास सिंह को अपने प्रतिष्ठान से दो सेट पवित्र गेरुआ वस्त्र भेंट किए। उन्होंने इसे सावन में आयोजित धार्मिक यात्रा के प्रति अपनी सहभागिता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर विकास सिंह ने शाहनवाज अहमद के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि गंगा-जमुनी तहजीब केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि आज भी समाज में जीवंत है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास सामाजिक एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करने का काम करते हैं।
शाहनवाज अहमद ने कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता और भाईचारे की संस्कृति है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के लोग यदि एक-दूसरे के धार्मिक आयोजनों में सहयोग और सम्मान की भावना से भागीदारी करें, तो सामाजिक सद्भाव और अधिक मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे आयोजनों में सहयोग देना इसी भावना का प्रतीक है।
बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से इस वर्ष भी एक हजार महिला एवं पुरुष शिवभक्तों के लिए निशुल्क कांवर यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। संघ की ओर से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
















