लगातार बारिश से कच्चे मकान की दीवार ढही, खुले आसमान तले रहने को मजबूर हुआ परिवार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa: सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब ग्रामीण इलाकों के कच्चे मकानों के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा पंचायत अंतर्गत दुबिल गांव में सोमवार को तेज बारिश के दौरान एक कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। हालांकि, संयोगवश हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित थे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, दुबिल गांव निवासी रूइदास आईन्द के मिट्टी के बने घर की एक पूरी किनारे की दीवार बारिश के कारण अचानक ढह गई। दीवार गिरने से मकान को भारी नुकसान पहुंचा है और घर पूरी तरह खुल जाने के कारण बारिश का पानी सीधे अंदर प्रवेश कर रहा है।

पीड़ित परिवार ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से मकान की अन्य दीवारें भी कमजोर हो चुकी हैं और उनके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में रहने को विवश है। लगातार वर्षा के कारण वे घरेलू सामान के साथ किसी सुरक्षित स्थान पर भी नहीं जा पा रहे हैं और मजबूरी में क्षतिग्रस्त मकान में ही रह रहे हैं।

परिजनों ने यह भी आशंका जताई कि दीवार गिरने के बाद खुले घर में सांप, बिच्छू और अन्य विषैले जीव-जंतु प्रवेश कर सकते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने, क्षतिग्रस्त मकान का सर्वे कराने, सरकारी आवास योजना के तहत सहायता प्रदान करने तथा उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के बीच पीड़ित परिवार को जल्द सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें