विरोध के बीच मेयर सुधा गुप्ता की शालीनता की चर्चा, प्रदर्शनकारी जदयू नेताओं को खिलाया लड्डू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो नगर निगम में चल रहे आंदोलन के बीच सोमवार को राजनीतिक मतभेदों से इतर सौहार्द और शालीनता की एक अलग तस्वीर देखने को मिली। नगर निगम के खिलाफ धरना दे रहे जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचीं मेयर सुधा गुप्ता ने अपने व्यवहार से विरोधी पक्ष का भी ध्यान आकर्षित किया।

नगर निगम कार्यालय पहुंचने के दौरान मेयर सबसे पहले धरनास्थल पर गईं। उन्होंने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया और धरने पर बैठे विधायक सरयू राय से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। इसके बाद उन्होंने धरनास्थल पर मौजूद आंदोलनकारियों के लिए पेयजल और लड्डू की व्यवस्था कराई।

धरना समाप्त होने के बाद जदयू नेता पप्पू सिंह, नीरज सिंह सहित कई कार्यकर्ता मेयर के कक्ष पहुंचे। मेयर ने खड़े होकर सभी का स्वागत किया, लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और उनके द्वारा सौंपा गया ज्ञापन स्वीकार किया।

इस दौरान मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार, निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री के उपयोग और गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी।

धरना-प्रदर्शन के बीच मेयर के इस व्यवहार की राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम लोगों में भी चर्चा रही। कई लोगों ने इसे लोकतांत्रिक संवाद और राजनीतिक शालीनता का उदाहरण बताया। हालांकि, “मेयर हो तो ऐसी” जैसी प्रतिक्रियाएं समर्थकों और कुछ उपस्थित लोगों की राय के रूप में सामने आईं, जो इस पूरे घटनाक्रम के बाद चर्चा का विषय बनी रहीं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.