जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में नामांकन शुरू, 2026–28 सत्र के लिए आवेदन आमंत्रित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मीडिया एवं संचार के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026–28 के लिए एम.ए. इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन पाठ्यक्रम में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। विश्वविद्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

विश्वविद्यालय के अनुसार, यह स्नातकोत्तर कार्यक्रम विद्यार्थियों को मीडिया उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। पाठ्यक्रम में आधुनिक पत्रकारिता, डिजिटल संचार, शोध क्षमता, व्यावहारिक प्रशिक्षण और मीडिया नैतिकता पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थी पेशेवर जीवन की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।

इस पाठ्यक्रम में किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत मीडिया थ्योरी, रिपोर्टिंग, संपादन, टेलीविजन प्रोडक्शन, डिजिटल मीडिया, न्यू मीडिया, मीडिया रिसर्च, जनसंपर्क (Public Relations), मीडिया एथिक्स तथा कम्युनिकेशन थ्योरी जैसे महत्वपूर्ण विषयों का अध्ययन कराया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें प्रायोगिक अनुभव और शोध आधारित दृष्टिकोण से भी सशक्त बनाना है। इससे छात्र-छात्राओं के लिए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल मीडिया, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन, जनसंपर्क, विज्ञापन और कंटेंट इंडस्ट्री सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

विश्वविद्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट तथा प्रवेश सूचना केंद्र से प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.