सड़क और एंबुलेंस के अभाव में बीमार ग्राम प्रधान को खटिया पर ढोकर 4 किमी पहाड़ से उतारा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpue : पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड की बड़ाकाँजिया पंचायत अंतर्गत जादुगोड़ा गांव के चीटामाटी टोला में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर बदहाली एक बार फिर सामने आई है। सड़क और समय पर एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने के कारण बीमार ग्राम प्रधान जंगल हेम्ब्रम को ग्रामीणों ने खटिया पर लिटाकर करीब चार किलोमीटर तक दुर्गम पहाड़ी रास्ते से कानीकोचा गांव तक पहुंचाया। वहां से निजी वाहन की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डुमरिया ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि मरीज की तबीयत बिगड़ने पर कई बार 108 एंबुलेंस सेवा पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मजबूरी में ग्रामीणों ने खटिया को ही अस्थायी एंबुलेंस बनाया और कठिन पहाड़ी रास्तों से मरीज को अस्पताल पहुंचाया।

ग्रामीणों का कहना है कि चीटामाटी टोला आज भी सड़क, एंबुलेंस और अन्य बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चीटामाटी टोला को शीघ्र मुख्य सड़क से जोड़ा जाए, 108 एंबुलेंस सेवा की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी मरीज की जान इस तरह की लापरवाही के कारण जोखिम में न पड़े।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें