बारिश के बाद निखरा गलूडीह बराज का सौंदर्य, लेकिन जर्जर सड़क बनी पर्यटकों और स्थानीय लोगों की चिंता

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: लगातार हो रही बारिश के बाद गलूडीह बराज का प्राकृतिक सौंदर्य अपने चरम पर पहुंच गया है। बराज के 18 गेटों में से एक-दो गेट खोले जाने के बाद तेज बहाव के साथ गिरता पानी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मनमोहक नजारे को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों के अलावा दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। कई लोग इस खूबसूरत दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए, जबकि बराज के समीप मछुआरे भी मछली पकड़ते दिखाई दिए।

बराज पर लगे जलस्तर मापक के अनुसार पानी का स्तर लगभग 93 मीटर दर्ज किया गया। लगातार बढ़ते जलस्तर और बहते पानी का दृश्य पूरे दिन लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता रहा।

हालांकि, जहां एक ओर बराज का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को लुभा रहा है, वहीं दूसरी ओर बराज पर बनी सड़क की जर्जर स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित इस बराज की सड़क से प्रतिदिन छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है, लेकिन कई स्थानों पर सड़क उखड़ी हुई है और जगह-जगह दरारें एवं पैबंद इसकी खराब स्थिति को बयां कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर सड़क का गुणवत्तापूर्ण रखरखाव किया जाता, तो आज इसकी ऐसी स्थिति नहीं होती। उनका कहना है कि गलूडीह बराज पर्यटन की दृष्टि से पूर्वी सिंहभूम का महत्वपूर्ण स्थल है, इसलिए यहां आने वाले पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जानी चाहिए।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से बराज की सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आवागमन भी सुरक्षित और सुगम हो सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें