जगन्नाथपुर। रस्सेल उच्च विद्यालय, जगन्नाथपुर में वार्षिक मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद तिवारी ने किया। समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जगन्नाथपुर विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने मैट्रिक जिला टॉपर सूची में स्थान बनाने वाले जुनैद इक़बाल को प्रशस्ति पत्र एवं लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली खुशी गुप्ता को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अलावा ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के रूप में तूराम सिंकू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि सम्मानित विद्यार्थी विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन एवं कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने तथा अपने माता-पिता और समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने युवाओं से नशा, जुआ, मुर्गा लड़ाई तथा अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि सही दिशा में किया गया परिश्रम ही सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।
इस अवसर पर अंचल अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अंबिका कुमारी ने भी विद्यार्थियों को मेहनत, चरित्र निर्माण और तकनीक का सकारात्मक उपयोग कर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

















